Ballia News: बलिया। रेलवे विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आ गई। स्थानीय स्टेशन के पास बुधवार को डाउन गंगा कावेरी एक्सप्रेस टूटी पटरी से गुजरी। संयोग अच्छा था कि स्टेशन होने के नाते ट्रेन की गति काफी कम थी इसलिए इससे बड़ा हादसा टल गया। बाद में जानकारी होने पर अफसरों के हाथ पांव फूल गए। आनन-फानन में ट्रैक को दुरुस्त किया गया।
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सब कुछ सामान्य था। इसी बीच 10.47 बजे डाउन गंगा कावेरी एक्सप्रेस 12669 प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। स्टेशन होने से ट्रेन की गति काफी धीमी थी। ट्रेन स्टेशन अधीक्षक कक्ष से जैसे ही आगे गुजरी चालक को ट्रैक टूटने की जानकारी हुई। उसने अधिकारियों को इसकी सूचना दी। चालक की सूझबूझ से ट्रेन सकुशल गंतव्य की ओर रवाना हो गई। तब तक यह खबर नगर में फैल गई और जानकारी के लिए सैकड़ों लोग स्टेशन परिसर में जमा हो गए। सूचना के बाद स्टेशन अधीक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने सूचना देकर पीडब्लूआई को बुलाया। इसके बाद ट्रैक को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया। स्टेशन पर मौजूद लोगों की मानें तो गंगा कावेरी एक्सप्रेस के आने से दो घंटे पूर्व अप सारनाथ 15159 इसी ट्रैक से गुजरी थी। उस समय संबंधित अधिकारियों ने ट्रैक की ओर ध्यान नहीं दिया और प्राय: दो नबंर प्लेटफार्म से गुजरने वाली ट्रेन को एक नंबर प्लेटफार्म पर रोका गया। जिसका ट्रैक टूटा हुआ था। इस बारे में पीडब्लूआई मुहम्मद मुसीम ने बताया कि ट्रैक टूटना सामान्य बात है। स्टेशन अधीक्षक से टूटने की जानकारी मिली तो जाकर ठीक कर दिया गया है। ऐसे टेकिभनकल फाल्ट होते रहते हैं। स्टेशन अधीक्षक संजय सिंह ने बताया कि गंगाकावेरी एक्सप्रेस के गुजरने के बाद ट्रैक टूटने की जानकारी मिली। तत्काल ट्रैक को दुरुस्त कर दिया गया है। ट्रैक की जांच करने का कार्य पीडब्लूआई का होता है।
2:47 AM
Ballia, Uttar Pradesh
Posted in


0 comments:
Post a Comment