Thursday, August 11, 2011

बैट्री ब्लास्ट : बालिका की मौत, दो मासूम जख्मी...

Ballia News: चिलकहर। नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव में बैट्री में हुए अचानक विस्फोट से जहां बालिका की मौके पर मौत हो गई, वहीं हादसे में दो मासूम भी जख्मी हो गए। दोनों को आनन-फानन में परिजन उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बछईपुर ले गए, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। विस्फोट की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। पीडि़त के मुताबिक यह हादसा बैट्री को सीरिज करते समय हुआ। हालांकि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

क्षेत्र के बछईपुर गांव निवासी रुदल राजभर के घर मंगलवार की देर रात अचानक तेज आवाज के साथ विस्फोट हुआ। विस्फोट की आवाज सुनते ही मौके पर आसपास के सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। हादसे में रुदल की 10 वर्षीय पुत्री काजल की मौके पर मौत हो गई। जबकि रमेश (12) व मुन्ना छह वर्ष जख्मी हो गए। जिसे पीडि़त ने आनन-फानन में उपचार के लिए गांव स्थित पीएचसी में भर्ती कराया। जहां बालिका को मृत घोषित करने के साथ ही चिकित्सकों ने जख्मी बालकों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मृतक बालिका व जख्मी बालकों के पिता रुदल राजभर ने बताया कि 12 वोल्ट की बैट्री सीरिज किया जा रहा था। उसी समय यह हादसा हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे नगरा थानाध्यक्ष आरके सिंह ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी एसआर भारती ने बताया कि इस संबंध में अब तक कोई जानकारी नहीं है।

इनसेट...अचानक विस्फोट की आवाज से दहला इलाका

चिलकहर। नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर के बाशिंदों ने बताया कि मंगलवार की रात रुदल राजभर के घर से अचानक विस्फोट की आवाज आई। उस समय ऐसा लगा जैसे उस घर में किसी ने बम फोड़ा हो। घटना से आस-पास के लोग दहल उठे। बताया कि बैट्री का तार जोड़ते वक्त यह ब्लास्ट हुआ। लेकिन घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा व्याप्त है। लोगों का कहना है कि बैट्री से इस तरह का विस्फोट पहले कभी नहीं हुआ था। लोगं दबी जुबान से इस बात की चरचा कर रहे हैं कि घटना के पीछे कुछ और भी हो सकता है। हालांकि अभी तक बैट्री फटने की बात ही सामने आई है।


0 comments:

Twitter Delicious Facebook Digg Favorites More