Wednesday, August 10, 2011

अब एसपी गाजीपुर करेंगे जांच...

Ballia News: बलिया। जनपद चर्चित शहंशाह प्रकरण में पुलिस के बार-बार फाइनल रिपोर्ट के बाद भी पुलिस महकमे का जांचों से पीछा नहीं छूट रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसचिव नर्वेद सिंह ने पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को पत्र लिखकर प्रकरण की जांच कराकर कार्रवाई करने का आदेश दिया।

गाजीपुर जिले के ताजपुर डेहमा निवासी शकील अहमद ने पुलिस की विवेचना पर सवाल उठाते हुए प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। जिसमें आरोप लगाया था कि उसका छोटा पुत्र शहंशाह बलिया जिले के किड़िहरापुर में रहकर इंटर की परीक्षा दे रहा था। परीक्षा के दौरान नौ मार्च 2009 को समय करीब सवा पांच बजे वादी के पुत्र शहंशाह की हत्या नुरैन एवं मुराद की साजिश में शक्ति सिंह, हरिनारायण सिंह व डिंपल सिंह ने कर दिया। वादी आसाम से आने के बाद उसे हत्या की आशंका जताते हुए शव को दफनाने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाते हुए शव को बाहर निकलवाया। जिसके बाद वादी के अथक प्रयास एवं कोर्ट के आदेश पर भीमपुरा पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद उसमें फाइनल रिपोर्ट लगाते हुए कोर्ट में भेज दिया। जिसमें वादी के आपत्ति को सही ठहराते हुए कोर्ट ने पुन: विवेचना का आदेश दे दिया। कोर्ट के आदेश पर देबारा विवेचना करते हुए भीमपुरा पुलिस ने आरोपियों को बचाते हुए एक बार फिर अंतिम रिपोर्ट लगा दिया। हालांकि इस प्रकरण में सीजेएम कोर्ट ने भी वादी के आवेदन पर सुनवाई के दौरान करीब एक माह पूर्व आरोपियों के खिलाफ प्रथम दृष्टया साक्ष्य पाते हुए अभियुक्तगण नुरैन, मुराद, शक्ति सिंह, हरिनारायण सिंह डिंम्पल सिंह को तलब किया है। अब भारत सरकार के कार्मिक लोक और पेंशन मंत्रालय पत्र को संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री के अनुसचिव ने पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को पत्र लिखकर जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है।


0 comments:

Twitter Delicious Facebook Digg Favorites More