Ballia News: बलिया। महंगाई और जनहित समस्याओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। फेफना विधान सभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने पूर्व जिलाध्यक्ष व प्रांतीय कार्यसमिति के सदस्य उपेंद्र तिवारी के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी मधुकर द्विवेदी को साैंपा। पत्रक में चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिन के अंदर समस्याओं का निराकरण नहीं होता तो आंदोलन को बाध्य होंगे।
पत्रक में जांच के लिए रोकी गई विधवा, विकलांग एवं वृद्धा पेंशन को शुरू किए जाने की मांग की है। रवि की बुआई से पूर्व समितियों पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जाए। नहरों में पानी की आपूर्ति ठीक की जाए साथ ही पुराने नलकूपों को ठीक कराया जाए। नए राजकीय नलकूप भी लगाए जाएं, गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों को आवास व राशन कार्ड मुहैया कराया जाए। मतदाता सूची के नाम व पहचान पत्र बनाने में पैसे की सत्तारूढ़ दल के दबाव में होने वाले धांधली को बंद कराया जाए। बिजली की व्यवस्था को दुरुस्त हो। जिले के चिकित्सा केंद्रों पर चिकित्सक की तैनाती के साथ ही दवा भी उपलब्ध कराई जाए। पत्रक में यह भी कहा गया है कि जाब कार्ड धारकों को यदि 100 दिन का काम नहीं मिल पाता है तो संविधान के मुताबिक बेरोजगारी भत्ता दिया जाए। किसान कार्ड व शिक्षा लोन में बैंकों के हीलाहवाली को समाप्त किया जाए, निवास व जाति प्रमाण पत्र बनवाने में अभ्यर्थियों का शोषण बंद हो, पारिवारिक व शादी अनुदान में हो रही धांधली को रोका जाए। केंद्र के भाजपा शासन में लागू किसान बीमा योजना को पूरे देश में लागू किया जाए, असेवित बस्तियों के नाम पर जलनिगम विभाग में नलकूपों का दुरुपयोग रोका जाए। साथ ही यह भी कहा गया है कि गांव स्तर पर मिलने वाली सुविधाओं में प्रधान की सहमति ली जाए। पत्रक में चेतावनी दी गई है कि यदि मांगे 15 दिन के अंदर पूरी नहीं हुईं तो फेफना विधान सभा के पार्टी कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से विकास खंड व तहसील मुख्यालयों पर घेराव करेंगे। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव, नंदलाल सिंह, राजीव मोहन चौधरी, विनोद दुबे, अंजनी राय, वशिष्ट दत्त पांडेय, पिंटू पाठक, राकेश सिंह, अजय सिंह, सुनील सिंंह, मनीष सिंह, पंकज सिंंह, अरविंद सिंह, कमलेश सिंह, विश्वनाथ वर्मा, उमेश उपाध्याय, सत्येंद्र वर्मा, सूर्यदेव राय, टुनटुन उपाध्याय, सोनू सिंह, हिमांशु राय, लड्डू सिंह, शत्रुघभन राय हृदयनंद राम, कमला राम आदि उपस्थित रहे।
2:51 AM
Ballia, Uttar Pradesh
Posted in


0 comments:
Post a Comment